पंच👊नामा-ब्यूरो
रुद्रप्रयागः नवीं में पढ़ने वाली 16-वर्षीय छात्रा के बच्ची को जन्म देने का मामला सामने आया है। नाबालिग के साथ दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए मामला गंभीर हो गया है। छात्रा ने अब तक आरोपी की पहचान उजागर नहीं की है। वन स्टाप सेंटर की प्रबंधक रंजना गैरोला के अनुसार अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पेट में दर्द की शिकायत पर छात्रा के स्वजन 11 दिन पूर्व उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे बेस चिकित्सालय श्रीनगर रेफर कर दिया, जहां अल्ट्रासाउंड जांच में छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद उसी दिन छात्रा ने बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इसकी सूचना बाल कल्याण समिति को दी गई और फिर नवजात को स्पेशल एडाप्शन एजेंसी रुद्रप्रयाग के सुपुर्द कर दिया गया। 11वें दिन प्रोबेशन अधिकारी डा. अखिलेश मिश्रा, स्पेशल एडाप्शन एजेंसी, बाल कल्याण समिति, वन स्टाप सेंटर व चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से बच्ची का नामकरण संपन्न कराया गया।
एजेंसी के प्रबंधक पुनीत चौकियाल ने बताया कि शिशु पूरी तरह स्वस्थ है। दो माह की अवधि पूर्ण होने पर केंद्र सरकार के कारा (केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण) पोर्टल के माध्यम से विधिक शिशु के गोद लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



