उत्तरप्रदेश

“दयालबाग में उमड़ा आस्था का सैलाब, परम गुरु डॉ. एम.बी. लाल साहब का भंडारा हर्षोल्लास से संपन्न..

श्रद्धा, सेवा और समर्पण के वातावरण में दिनभर चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन, कृषि सेवा के साथ मनाया गया पावन भंडारा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
आगरा; दयालबाग में रविवार को परम गुरु हुजूर डॉ. एम.बी. लाल साहब का पावन भंडारा श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर दयालबाग के निवासियों के साथ-साथ देश-विदेश की विभिन्न शाखाओं से पहुंचे हजारों सतसंगी भाई-बहनों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सेवा, सत्संग और भक्ति का अनुपम संगम प्रस्तुत किया।प्रातःकाल आरती के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। भोर से ही सतसंगी भाई-बहन एवं सुपरह्यूमन स्कीम के बच्चे निर्धारित कृषि क्षेत्रों में पहुंचकर धान की पौध उखाड़ने और रोपाई की सेवा में जुट गए। सेवा कार्य के दौरान सभी ने अमृत पेय के रूप में गर्म दूध, चाय, रस्क एवं प्रसाद ग्रहण किया। वहीं वरिष्ठ सतसंगियों ने भंडारा ग्राउंड पर निर्धारित सेवा कार्यों में योगदान दिया।परम पूज्य हुजूर प्रो. प्रेम सरन सतसंगी साहब एवं परम आदरणीय रानी साहिबा जी ने कृषि क्षेत्र पहुंचकर सर्वप्रथम परमपुरुष पूरन धनी स्वामीजी महाराज एवं परम गुरु हुजूर डॉ. एम.बी. लाल साहब के पावन स्वरूपों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद चार विशेष पाठ आयोजित हुए, जिनमें प्रारंभिक दो पाठों में रानी साहिबा जी भी शामिल रहीं।भंडारा कार्यक्रम के दौरान पी.टी., सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शारीरिक व्यायाम एवं आत्म-सुरक्षा प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। सुपरह्यूमन स्कीम के बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को भाव-विभोर कर दिया। श्रद्धालुओं को आरती का मुरमुरा एवं इलायचीदाना प्रसाद तथा अपराह्न में विशेष नमकीन और मीठा प्रसाद वितरित किया गया।अपराह्न में भी बड़ी संख्या में सतसंगी भाई-बहनों ने कृषि क्षेत्रों में धान रोपाई की सेवा में भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर परम पूज्य हुजूर प्रो. प्रेम सरन सतसंगी साहब ने ई.वी. से पावन कोठी की ओर प्रस्थान किया। मार्ग में श्रद्धालुओं को दर्शन देते हुए उन्होंने ‘विशेष दया की डेयरी’ का संक्षिप्त भ्रमण भी किया। पूरे भंडारा कार्यक्रम का ई-सतसंग के माध्यम से देश-विदेश की लगभग 580 शाखाओं में सजीव प्रसारण किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!