पंच👊नामा
मंगलौर; प्रेम प्रसंग में मां को रोड़ा मानकर बेटी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच डाली। दोनों आरोपियों ने महिला को हरिद्वार ले जाने की बात कहकर ब्रेजा कार में बैठाया और रास्ते में चाकू से गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंककर फरार हो गए। सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 18 घंटे में पर्दाफाश करते हुए आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ब्रेजा कार और चाकू भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित चार पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ जांच करते हुए करीब 216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक ब्रेजा कार संदिग्ध गतिविधियों में नजर आई। तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुलिस ने कार की तलाश शुरू की तो जांच की कड़ियां धीरे-धीरे हत्याकांड के राज तक पहुंच गईं।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त को मंगलौर कोतवाली पुलिस को पुराना मंगलौर नहर पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए रुड़की मोर्चरी भेज दिया गया।
सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से शव की पहचान के प्रयास किए गए। इसी दौरान ओली माजरा, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर निवासी अरविंद ने शव की पहचान अपनी पत्नी कविता के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका की बेटी उन्नति का आकाश चौहान के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया गया कि कविता अपनी बेटी को प्रेमी आकाश से संबंध खत्म करने के लिए बार-बार समझाती थी। पुलिस के मुताबिक, मां की रोक-टोक से परेशान उन्नति ने उसे अपने प्रेम संबंध में बाधा मान लिया और प्रेमी आकाश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत उन्नति और आकाश ने कविता को बुढ़ाना से ब्रेजा कार में बैठाया और हरिद्वार जाने की बात कही। रास्ते में दोनों ने महिला को काबू किया और चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंक दिया और दोनों आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश चौहान पुत्र रविंद्र निवासी दूल्हेड़ा, पल्लवपुरम, मेरठ और उन्नति पुत्र अरविंद निवासी ग्राम ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार और चाकू भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
खुलासे में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका…. हत्याकांड का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर, उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक जगमोहन रमोला, उपनिरीक्षक अशोक सिवाल और महिला आरक्षी अजू शामिल रहीं।


