अपराधहरिद्वार

“जिला जज की फोटो लगाकर बनाया फर्जी वाट्सऐप अकाउंट, मांगे रुपये, सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज, ठग की तलाश में जुटी पुलिस..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जिला जज हरिद्वार की फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी वाट्सऐप अकाउंट बनाने और उसके माध्यम से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। न्यायालय प्रशासन की शिकायत पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने फर्जी अकाउंट की जांच शुरू कर दी है।जिला न्यायालय हरिद्वार के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोज कुमार चौहान की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि अपर जिला जज, लक्सर की ओर से कुछ वाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट प्राप्त हुए थे। इन स्क्रीनशॉट में जिला जज नरेन्द्र दत्त की फोटो लगी हुई थी और चैट के माध्यम से रुपये की मांग की जा रही थी। मामला संज्ञान में आने के बाद न्यायालय प्रशासन ने इसकी जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि जिस वाट्सऐप नंबर से संदेश भेजे गए, वह जिला जज का नहीं है। साथ ही जिला जज की ओर से किसी व्यक्ति को इस तरह का कोई संदेश भेजकर रुपये की मांग नहीं की गई थी। इसके बाद न्यायालय प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को शिकायत दी गई। शिकायत के साथ फर्जी वाट्सऐप अकाउंट से हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए गए हैं। आशंका जताई गई है कि किसी व्यक्ति ने जिला जज की पहचान और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी वाट्सऐप अकाउंट तैयार किया और न्यायिक अधिकारी की प्रतिष्ठा का इस्तेमाल करते हुए लोगों से रुपये ऐंठने का प्रयास किया। पुलिस अब संबंधित मोबाइल नंबर और वाट्सऐप अकाउंट की तकनीकी जानकारी जुटा रही है। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फर्जी अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!