“जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पर औन फाउंडेशन ने रामपुर रोड पर लगाया बड़ा लंगर, साबरी चादर के जुलूस का किया इस्तकबाल..

पंच👊नामा
रुड़की; जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक अवसर पर आज सुबह रामपुर से जब्बार अहमद और भारतनगर से राशिद अहमद के नेतृत्व में दो जत्थे साबरी चादर लेकर रुड़की से कलियर शरीफ के लिए रवाना हुए। बड़ी रोशनी के मौके पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद कलियर शरीफ स्थित दरबार-ए-साबिर पाक में हाजिरी लगाने के लिए पहुंच रहे हैं।
रुड़की में उमर एनक्लेव कॉलोनी के बाहर, रामपुर रोड पहुंचने पर औन फाउंडेशन की ओर से प्रेसिडेंट कुंवर शाहिद एवं उनकी पूरी टीम ने साबरी चादर के जुलूस का पुरखुलूस इस्तकबाल किया। इस दौरान आने वाले अकीदतमंदों के लिए चाय और ब्रेड पकौड़ों का नाश्ता भी कराया गया।
इस्तकबाल के लिए मौके पर मंच सजाया गया, जहां मौजूद लोगों ने अल्लाहु अकबर के नारे बुलंद किए और हुज़ूर पैगंबर-ए-इस्लाम ﷺ की शान में नातिया कलाम पेश किए। इस दौरान पैगंबर-ए-इस्लाम ﷺ द्वारा दुनिया को दिए गए अमन, मोहब्बत और भाईचारे के पैगाम का भी ज़िक्र किया गया।
इसके बाद दरूद-ए-पाक का विर्द किया गया और मुल्क में अमन-ओ-अमान, खुशहाली एवं सलामती के साथ-साथ तमाम आलम के लिए दुआ की गई। दुआ के बाद अकीदतमंदों को नाश्ता तकसीम किया गया। इसके पश्चात दोनों जत्थे साबरी चादर लेकर कलियर शरीफ के लिए रवाना हो गए।
इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे रामपुर रोड स्थित उमर एनक्लेव कॉलोनी के बाहर औन फाउंडेशन की ओर से बड़े आम लंगर का आयोजन किया गया। लंगर में बड़ी संख्या में लोगों को राजमा-चावल परोसे गए, वहीं ठंडी और स्वादिष्ट खीर भी तकसीम की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने लंगर में शिरकत कर तबर्रुक हासिल किया।
इस अवसर पर औन फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ का मुबारक दिन पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद ﷺ की विलादत की खुशी का दिन है। इस मुबारक मौके को मुसलमान मोहब्बत, अकीदत और खुशियों के साथ मनाते हैं। इसी सिलसिले में औन फाउंडेशन की ओर से जश्न-ए-खैरुल वरा के तहत विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य इन मुबारक मौकों पर लोगों तक मोहब्बत, अमन, भाईचारे और इंसानियत की ख़िदमत का पैगाम पहुंचाना है।
कार्यक्रम में मुमताज अब्बास नकवी, आसिफ अली उर्फ हैदर, आसिफ अली, बिलाल खान, मुनव्वर अली, मुनीर आलम, आरिफ अली, अनस गाजी, मोहम्मद शाहिद, साहिल खान, शहज़ाद अहमद, साकिब शहज़ाद, नईम सैफी सहित औन फाउंडेशन के तमाम सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। औन फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की और जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक मौके पर आयोजित महफ़िल, नात-ए-पाक, दरूद-ए-पाक, दुआ और लंगर में शामिल होकर इस बाबरकत दिन की खुशियों में शरीक हुए।



