राजनीतिहरिद्वार

“मंगलौरी बनने की कोशिश में करतार भड़ाना, क्या सिर्फ घर बनाने से मिट जाएगा बाहरी होने का तमगा..

मंगलौर में आशियाना बनाकर चुनावी जमीन मजबूत करने की कवायद, सीएम धामी को बुलाकर किया शक्ति प्रदर्शन; विधायक काजी निजामुद्दीन से होगा मुकाबला..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; हरियाणा से उत्तराखंड की सियासत में अपनी जमीन तलाश रहे करतार सिंह भड़ाना के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब भी ‘बाहरी’ होने की छवि से बाहर निकलने की है। मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में सरकारी तामझाम के बीच चुनावी मैदान में उतरे भड़ाना एक बार फिर सियासी पारी खेलने को आतुर नजर आ रहे हैं। इस बार उन्होंने मंगलौर में अपना आशियाना भी बना लिया है। मकसद साफ है, स्थानीय लोगों के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाना और बाहरी होने के आरोपों का जवाब देना। हालांकि, सवाल यह है कि क्या महज घर बना लेने से कोई मंगलौरी हो सकता है?

भड़ाना परिवार का अब तक का सियासी इतिहास भी दिलचस्प रहा है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा की राजनीति में जहां एक बार जीत दर्ज की, वहां दोबारा सक्रियता नहीं दिखाई। विरोधियों की ओर से भड़ाना बंधुओं पर अपने चुनावी क्षेत्र से दूरी बना लेने और जनता के बीच उपलब्ध नहीं रहने के आरोप भी लगते रहे हैं। हरियाणा के बाद उत्तर प्रदेश और अब उत्तराखंड में राजनीतिक संभावनाएं तलाश रहे करतार सिंह भड़ाना के सामने मंगलौर में भी अपनी स्थानीय पहचान स्थापित करने की चुनौती है।

इसी चुनौती को देखते हुए भड़ाना ने मंगलौर में अपना ठिकाना बनाया है। चुनाव से ठीक पहले अपने नए आशियाने में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाकर उन्होंने सियासी शक्ति प्रदर्शन भी किया। इस आयोजन के जरिए भड़ाना ने चुनावी सक्रियता का संदेश देने के साथ ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से अपने जुड़ाव को भी प्रदर्शित करने की कोशिश की। हालांकि, इस पूरे राजनीतिक कवायद के बावजूद मंगलौर की सियासी नब्ज पर उनकी मजबूत पकड़ अभी स्पष्ट नजर नहीं आती।

भड़ाना के सामने सबसे बड़ी चुनौती विधायक काजी निजामुद्दीन की मजबूत राजनीतिक जमीन है। मंगलौर में काजी निजामुद्दीन की स्थानीय पकड़ और लंबे समय से सक्रियता को देखते हुए भड़ाना के लिए मुकाबला आसान नहीं माना जा रहा। ऐसे में उनकी रणनीति क्या होगी और वह काजी निजामुद्दीन के प्रभाव को किस तरह चुनौती देंगे, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।

फिलहाल भड़ाना को टीम धामी के राजनीतिक प्रभाव और संगठन के सहारे अपनी चुनावी नैया पार लगाने की उम्मीद है। लेकिन मंगलौर की सियासत में केवल बड़े नेताओं की मौजूदगी और शक्ति प्रदर्शन से बात बनेगी या फिर स्थानीय जनता के बीच अपनी पैठ भी बनानी होगी, यह बड़ा सवाल है। देखना होगा कि भड़ाना इस बार जीत का स्वाद चख पाते हैं या फिर एक बार फिर उन्हें हार का सामना करना पड़ता है। सबसे अहम सवाल यही है कि मंगलौर में मकान बना लेने भर से करतार सिंह भड़ाना मंगलौरी बन जाएंगे या बाहरी होने का दाग उनकी सियासी राह में फिर रोड़ा बनेगा?

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button