
पंच👊नामा
रुड़की। गंगनहर कोतवाली में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झगड़े के मामले में अपनी मां के साथ पहुंचे एक युवक ने समझाने की कोशिश कर रहे सिपाही के हाथ में दांत गड़ा दिए। युवक ने सिपाही प्रभाकर का अंगूठा बुरी तरह काट लिया, जिससे खून निकलने लगा। साथी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह युवक को काबू कर सिपाही को बचाया। घायल सिपाही को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
मां के साथ पहुंचा था कोतवाली…..
रुड़की जेल के पास रहने वाला युवक बुधवार दोपहर अपनी मां के साथ झगड़े के मामले में गंगनहर कोतवाली पहुंचा था। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से परेशान है। कोतवाली में बातचीत के दौरान वह अचानक हंगामा करने लगा।
पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही प्रभाकर ने युवक को समझाने की कोशिश की। इस पर युवक सिपाही से उलझ गया और उसका हाथ पकड़ लिया। इससे पहले कि पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, युवक ने सिपाही के अंगूठे में दांत गड़ा दिए।
अंगूठे से खून निकलते ही दौड़े पुलिसकर्मी…..
युवक के काटने से सिपाही का अंगूठा घायल हो गया और खून निकलने लगा। घटना से कोतवाली में मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने किसी तरह युवक को सिपाही से अलग किया। इसके बाद घायल सिपाही को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। पुलिस के अनुसार युवक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। मामले में उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।



