“घर में सल्फास का सेवन करने वाले 11वीं के छात्र ने उपचार के दौरान तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम..!

पंच👊नामा
रुड़की: कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र के शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला गांव में एक 15 वर्षीय छात्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे उपचार के लिए रुड़की के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अस्पताल से प्राप्त डेथ मेमो के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला निवासी निखिल पुत्र प्रीतम, उम्र करीब 15 वर्ष, कक्षा 11वीं का छात्र था। शनिवार रात करीब 10 बजे उसने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे रुड़की स्थित विनय विशाल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान निखिल की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने और अस्पताल से डेथ मेमो प्राप्त होने के बाद पिरान कलियर पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के साथ ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि अस्पताल से डेथ मेमो मिलने के बाद पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



