
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; दिव्यांगता की आड़ में नशे का धंधा चला रहे एक तस्कर के मंसूबों पर बहादराबाद पुलिस ने पानी फेर दिया। पुलिस ने आरोपी को 1 किलो 488 ग्राम अवैध गांजे के साथ दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान गांजा तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी भी कब्जे में लेकर सीज कर दी गई। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार-2026” के तहत जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के पर्यवेक्षण में बहादराबाद पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद अमरजीत सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गश्त व सघन चेकिंग के दौरान नहर पटरी रोड स्थित पुराने पावर हाउस से आगे पुलिया के पास एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 488 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र नूर अहमद, निवासी ग्राम लादपुर कला, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली बहादराबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत (प्रभारी चौकी कस्बा बहादराबाद), कांस्टेबल नितुल यादव व कांस्टेबल अवनेश राणा शामिल रहे।



