पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: राजधानी दून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात गोलियों की गूंज से सनसनी मच गई। लूट की वारदात के बाद भाग रहे बदमाशों और पुलिस के बीच जंगल में आमना-सामना हुआ, जो देखते ही देखते मुठभेड़ में बदल गया। इस एनकाउंटर में एक बदमाश ढ़ेर हो गया, जबकि दूसरा बदमाश घायल गया।
वहीं, इंस्पेक्टर नरेश राठौर भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। फरार बदमाशों की तलाश में काम्बिंग चल रही है।
पुलिस के मुताबिक, लूट की सूचना मिलते ही इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया था और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई थी। इसी दौरान पुलिस टीम को तीन बदमाश जंगल की ओर भागते दिखाई दिए। पीछा करते हुए पुलिस जैसे ही करीब पहुंची, बदमाशों ने बिना देरी किए फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई इस गोलीबारी में थाना प्रभारी नरेश राठौर को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। हालांकि, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और टीम का मनोबल नहीं टूटने दिया, पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक बदमाश ढ़ेर हो गया। दूसरा गोली लगने से घायल होने पर दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी पुलिस के लिए कई अहम सुराग खोल सकता है। शुरुआती जांच में उसके किसी सक्रिय गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, उसके दो साथी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। सहसपुर और विकासनगर समेत आसपास के थाना क्षेत्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बॉर्डर सील कर दिए गए हैं और जंगल में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की कड़ी जांच की जा रही है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल खुद मौके पर पहुंचकर ऑपरेशन की कमान संभाले हुए हैं। पुलिस की कई टीमें जंगल और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। फरार बदमाश की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।



