
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों, ढाबों और शराब के ठेकों के आसपास खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर हरिद्वार पुलिस का डंडा जमकर चला। फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय महिलाओं पर फब्तियां कसने और माहौल खराब करने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद
पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 नशेड़ियों को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा और हुड़दंगियों की पूरी “बारात” पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वाले
असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि सिडकुल क्षेत्र में कुछ युवक शराब के नशे में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं और राहगीरों के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं।
इसी क्रम में थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, ढाबों, शराब की दुकानों और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग कर रहे कुल 51 लोगों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया।
एसएसआई विकास रावत की टीम ने सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 12 हजार 750 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला।
साथ ही सभी को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति खुले में शराब पीते या पिलाते हुए मिला तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



