
पंच👊नामा
रुड़की: देर रात तक नियमों को ताक पर रखकर चल रहे बार और रेस्टोरेंट संचालकों पर हरिद्वार पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
बीती देर रात कोतवाली रुड़की पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
पुलिस की अचानक कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप मच गया। मौके से एम्पलीफायर, लैपटॉप, टैब समेत अन्य उपकरण कब्जे में लिए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में अवैध रूप से शराब परोसने, बार संचालन के नियमों का उल्लंघन करने और रात्रि 10 बजे के बाद
डीजे व लाउडस्पीकर बजाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन साफ कर चुका है कि नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कोतवाली क्षेत्र में देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान कई रेस्टोरेंट और बार संचालक निर्धारित समय के बाद भी प्रतिष्ठान संचालित करते मिले।
साथ ही कुछ स्थानों पर डीजे और लाउडस्पीकर का प्रयोग भी नियमों के विपरीत पाया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों से एम्पलीफायर, लैपटॉप, टैब समेत अन्य उपकरण कब्जे में लिए और संचालकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई।
जिन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई…
1:- रोमियो लेन बार रेस्टोरेंट, बेलड़ा
2:- एरोमेटिक रेस्टोरेंट, माजरा
3: सेन्टरोज रेस्टोरेंट, एसडीएम चौक के पास
4:- कैफिन कॉफी डे, आईआईटी रोड के पास शराब गोदाम के निकट, रुड़की



