“शंकर के “मिनी ठेके” पर आबकारी विभाग का छापा, भारी मात्रा में अंग्रेजी व देसी शराब व बीयर बरामद..
डेयरी और फास्ट फूड की आड़ में शहर के मुख्य चौराहे पर चल रहा था शराब का धंधा, सावन के पहले दिन हुई कार्रवाई..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सावन माह में अवैध शराब के धंधे पर शिकंजा कसने के बीच आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजीव नगर स्थित शंकर डेयरी वाले के घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की। शहर के व्यस्त चौराहे पर डेयरी और फास्ट फूड की आड़ में लंबे समय से खुलेआम शराब का धंधा चलने की चर्चाएं क्षेत्र में थीं।
आबकारी आयुक्त के निर्देश और जिलाधिकारी हरिद्वार के आदेश पर जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद बिंजोला के मार्गदर्शन में आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान (क्षेत्र-1, हरिद्वार) के नेतृत्व में टीम ने राजीव नगर स्थित शंकर डेयरी वाले के घर पर दबिश दी। तलाशी में 138 टेट्रा पैक माल्टा ब्रांड देशी मदिरा, रॉयल स्टैग के 90 पव्वे, 8 पीएम ब्रांड के 22 पव्वे, ब्लेंडर्स प्राइड के 33 पव्वे, इमेजिन वोडका के चार पव्वे और बीयंग ब्रांड की 42 बीयर कैन बरामद हुईं।
आबकारी विभाग ने मौके से कुल 149 पव्वे अंग्रेजी शराब, 138 टेट्रा पैक देशी शराब और 42 बीयर कैन जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा-60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिनजोला का कहना है कि जिले में अवैध शराब के धंधे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



