देहरादून

“बरसाती नाले में डूबने से दो सगी बहनों की मौत..

देहरादून के क्लेमेनटाउन में दर्दनाक हादसा, नाले में नहाने गई थीं दोनों बच्चियां; तेज बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंसीं..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; क्लेमेनटाउन क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में बरसाती नाले में डूबने से दो सगी मासूम बहनों की मौत हो गई। दोनों बच्चियां घर के पास बने बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक पानी का तेज बहाव आने से वे बह गईं और नाले पर बने रैंप के नीचे फंस गईं। स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे नई बस्ती निवासी राजेश मित्तल ने क्लेमेनटाउन थाना पुलिस को सूचना दी कि दुर्गा मंदिर नई बस्ती के पास बरसाती नाले में दो बच्चियां बहकर रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था।मृतक बच्चियों की पहचान सात वर्षीय लक्ष्मी कुमारी और तीन वर्षीय सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है। दोनों सगी बहनें थीं। वे अपनी मां रीना कुमारी के साथ नई बस्ती में किराए के मकान में रहती थीं। परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है। माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के समय बच्चियों के पिता किसी काम से बिहार गए हुए थे। पुलिस ने उन्हें हादसे की सूचना दे दी है।मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां दोपहर में घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक नाले में पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बहकर रैंप के नीचे फंस गईं। काफी देर तक बच्चियों के नजर नहीं आने पर उनकी तलाश शुरू की गई। बाद में बड़ी बेटी का पैर रैंप के नीचे दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!