
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने एटीएम ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी एटीएम पर पैसे निकालने आए भोले-भाले और बुजुर्ग लोगों को निशाना बनाते थे और मदद के बहाने उनका पिन जानकर एटीएम कार्ड बदलकर लाखों रुपये पार कर देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 66 एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त एक कार बरामद की है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन (UP14FH-7340) को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों—इमरान, नसीरुद्दीन और मोहम्मद खालिद—के पास से 66 एटीएम कार्ड बरामद होने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में की गई पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे विभिन्न एटीएम बूथों पर जाकर सीधे-साधे लोगों को टारगेट करते थे। जब कोई व्यक्ति पैसे निकालने में असफल होता, तो ये उसकी मदद करने के बहाने पास जाते और चालाकी से उसका एटीएम पिन देख लेते थे। इसके बाद मौका पाकर उनका कार्ड बदलकर अपने पास रख लेते और बाद में खातों से रकम निकाल लेते थे।
आरोपियों ने यह भी कबूला कि 14 जून 2025 को हरबर्टपुर क्षेत्र में एटीएम बदलकर बाबूगढ़ चुंगी स्थित एटीएम से 50 हजार रुपये निकाले थे। प्रारंभिक पूछताछ में करीब 25 लाख रुपये से अधिक की ठगी की बात सामने आई है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी…
1:- इमरान अली पुत्र मोहम्मद अली, निवासी डाबर तालाब, संगम विहार, गाजियाबाद (उम्र 40 वर्ष)
2:- नसीरुद्दीन पुत्र बशीरुद्दीन, निवासी वेलकम, जाफराबाद, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली (उम्र 41 वर्ष)
3:- मोहम्मद खालिद पुत्र हमीद, निवासी लोनी, गाजियाबाद (उम्र 40 वर्ष)
पुलिस टीम..
1:- अमित शर्मा, चौकी प्रभारी झाझरा, कोतवाली प्रेमनगर
2:- कांस्टेबल श्रीकांत
3:- कांस्टेबल बृजमोहन
4:- कांस्टेबल अनीश



