हरिद्वार

“कांवड़ का महापर्व पूरा, साढ़े चार करोड़ शिवभक्तों की अग्निपरीक्षा में पास हुआ पुलिस/प्रशासन..

गंगा मैय्या को नमन के बाद महादेव की शरण में पहुँचे डीएम-एसएसपी; हरकी पैड़ी से उठाया गंगाजल, दक्षेश्वर महादेव में किया जलाभिषेक, सीएम धामी ने थपथपाई पीठ..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़ियों की भारी भीड़ के बीच कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल पार लगाने के बाद डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर हरकी पैड़ी पहुंचे। मां गंगा की पूजा-अर्चना के बाद दोनों अधिकारी पवित्र गंगाजल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भारी भीड़, हाईवे पर दबाव, ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा की चुनौती के बीच प्रशासन और पुलिस की दिन-रात की मेहनत रंग लाई और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से अपने मुकाम तक पहुंच गई। कांवड मेले के सफल आयोजन पर सीएम पुष्कर सिंह धामी में दोनो अधिकारियों की पीठ थपथपाई।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए शासन व प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की थीं। सभी विभागों, सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित संस्थाओं ने आपसी समन्वय के साथ पूरी निष्ठा से अपने दायित्व निभाए। उन्होंने कहा कि करीब 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए, जो सभी के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।डीएम ने जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात पूरी तत्परता के साथ मोर्चा संभाले रखा। साथ ही पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, व्यापारियों और स्थानीय जनता के सहयोग को भी यात्रा की सफलता में अहम बताया।कांवड़ यात्रा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस ने ट्रैफिक, कानून-व्यवस्था, रूट डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन और कांवड़ मार्गों की सुरक्षा को लेकर मोर्चा संभाले रखा। विशाल संख्या में कांवड़ यात्रियों की आवाजाही के बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन और लगातार मॉनिटरिंग की गई।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों ने कठिन परिस्थितियों में भी सजगता, धैर्य और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाई। वहीं जल पुलिस ने गंगा घाटों और नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तेज धारा और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जल पुलिस की मुस्तैदी से जल क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रही।कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन के बाद संत समाज ने भी प्रशासन और पुलिस की पीठ थपथपाई। श्री गंगा सभा के अध्यक्ष/राज्य मंत्री नितिन गौतम व अन्य पदाधिकारियों ने डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद दक्षेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के दौरान श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविन्द्र पुरी जी महाराज ने दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया।अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉक्टर रविन्द्र पुरी महाराज ने कावड़ मेला सकुशल संपन्न कराने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह को सम्मानित करते हुए शाबाशी दी। दोनों अधिकारी श्रीमहंत रविन्द्र पुरी से आशीर्वाद लेने चरण पादुका मंदिर पहुंचे थे।कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग भी लगातार मोर्चे पर डटा रहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न चिकित्सा शिविरों और अन्य स्थानों पर शिवभक्तों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। यात्रा के दौरान 2 लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क इलाज किया गया। स्वास्थ्य टीमों ने दिन-रात तत्परता के साथ कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल प्रशासन या पुलिस का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे हरिद्वार के सामूहिक सहयोग और समन्वय का परिणाम है। लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मियों ने कांवड़ मार्गों, घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा जल, भोजन, चिकित्सा और विश्राम जैसी सुविधाओं में किए गए सहयोग की भी सराहना की। व्यापारियों और स्थानीय कारोबारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय जनता के धैर्य, संयम और सहयोग को भी यात्रा की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।जिलाधिकारी व एसएसपी ने मीडिया बंधुओं का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं, यातायात एवं सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी और आवश्यक सूचनाओं को आमजन व कांवड़ यात्रियों तक पहुंचाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सहयोग और जिम्मेदार पत्रकारिता से प्रशासन आउट श्रद्धालुओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ।डीएम एसएसपी ने सभी शिवभक्तों का भी हृदय से आभार जताते हुए कहा कि कांवड़ियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा को व्यवस्थित बनाने में सहयोग दिया। उन्होंने सभी शिवभक्तों के सुखद, सुरक्षित और मंगलमय जीवन की कामना की।हरकी पैड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।कांवड़ यात्रा के सकुशल समापन के साथ हरिद्वार ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आस्था का महासैलाब हो या व्यवस्थाओं की अग्निपरीक्षा—बेहतर प्लानिंग, मजबूत मॉनिटरिंग और सामूहिक सहयोग से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!