
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; राजधानी दून में नशे के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रेमनगर पुलिस ने नशा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 26.19 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपी मुजफ्फरनगर से स्मैक लेकर देहरादून पहुंचे थे और प्रेमनगर क्षेत्र के हॉस्टल, पीजी व फ्लैटों में रहने वाले छात्रों को नशे की खेप सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर देहरादून पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करते हुए नशा तस्करों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रेमनगर एसएचओ नरेश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 7 अगस्त की देर रात चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में दो संदिग्ध युवकों को दबोचा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 26.19 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मो. नदीम (30) निवासी दक्षिणी खालापार, मुजफ्फरनगर व फैसल (28) निवासी योगेंद्र पुरी कॉलोनी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों मुजफ्फरनगर से स्मैक लेकर प्रेमनगर क्षेत्र में आए थे। उनका इरादा यहां विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले तथा हॉस्टल और पीजी में रहने वाले छात्रों को स्मैक बेचकर मुनाफा कमाने का था। आरोपियों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी वे प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों को स्मैक की सप्लाई कर चुके थे, जिसमें उन्हें अच्छा मुनाफा हुआ था।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी पूर्व में अपने पास मोबाइल फोन तक नहीं रखते थे। इस बार भी दोनों प्रेमनगर क्षेत्र में पहुंचकर हॉस्टल, पीजी और फ्लैटों में रहने वाले छात्रों को स्मैक की सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। देर रात मौके पर रुककर आगे की सप्लाई का प्लान बनाया जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को राजधानी देहरादून में युवाओं और छात्रों तक नशे की पहुंच रोकने की दिशा में अहम कार्रवाई माना जा रहा है। प्रेमनगर क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों, हॉस्टल और पीजी में रहने वाले छात्रों को कथित तौर पर नशे की सप्लाई करने की कोशिश कर रहे आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस टीम में….
1:- नरेश सिंह राठौड़, एसएचओ प्रेमनगर
2:- जैनेंद्र सिंह राणा, चौकी प्रभारी बिधौली
3:- अपर उपनिरीक्षक रामलाल
4:- कांस्टेबल श्रीकांत मलिक
5:- कांस्टेबल वीरेंद्र भंडारी
6:- कांस्टेबल रवि शंकर
7:- कांस्टेबल अरशद



