
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: भगवानपुर क्षेत्र में राह चलते लोगों से मोबाइल झपटकर दहशत फैलाने वाले दो शातिर लुटेरों को पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार” के तहत गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
बाइक सवार बदमाशों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए 12 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों के कई और वारदातों में शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल को ग्राम शाहपुर और मंडावर निवासी दो व्यक्तियों से बाइक सवार बदमाशों द्वारा मोबाइल फोन झपटे जाने की शिकायत पर कोतवाली भगवानपुर में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी।
प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खानपुर से खेलपुर जाने वाले चकरोड पर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अंकुल उर्फ अंकुर पुत्र सोमपाल निवासी रायपुर थाना सदर, जिला यमुनानगर (हरियाणा)
हाल निवासी प्रताप कॉलोनी भगवानपुर व गुलशन पुत्र राजकुमार निवासी रायपुर, कोतवाली भगवानपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से मुकदमों से संबंधित मोबाइल फोन समेत कुल 12 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गुलशन पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में शामिल रहे….
1:- उपनिरीक्षक बालम सिंह
2:- अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान
3:- हेड कांस्टेबल गीतम सिंह
4:- कांस्टेबल राहुल कुमार
5:- कांस्टेबल रविंद्र राणा
6:- कांस्टेबल संजय नेगी



