“खौफनाक मंजर: 12 साल के मासूम को जबड़ों में दबोच ले गया मगरमच्छ, चीखते रह गए लोग..
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बच्चे के शव को किया बरामद, गांव में पसरा मातम..
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बुग्गावाला थाना क्षेत्र से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। बनजारेवाला गांव में उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब एक 12 वर्षीय बच्चे को मगरमच्छ ने देखते ही देखते अपना शिकार बना लिया।
रामकुमार का 12 साल बेटा बंजारेवाला स्थित राम रहीम स्टोन क्रेशर के पास मौजूद था। तभी पानी से निकले मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। कुछ समझ पाता, उससे पहले ही वह उसे जबड़े में दबोचकर घसीटते हुए ले गया। मौके पर मौजूद लोग कुछ कर पाते, उससे पहले सब खत्म हो चुका था।
घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास खड़े लोग सिर्फ चीखते रह गए। देखते ही देखते खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया। सूचना मिलते ही बुग्गावाला पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद किया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मगरमच्छ के हमले की सूचना पर तुरंत टीम रवाना की गई थी।



