
पंच👊नामा
लक्सर। खानपुर विधायक Umesh Kumar के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को लेकर विवाद गहरा गया है। विधायक पक्ष ने वीडियो को भ्रामक और तथ्यों से परे बताते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, खानपुर विधायक के प्रतिनिधि दीपक कुमार निवासी केहड़ा गांव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 अप्रैल को “गुर्जर चौपाल डिजिटल” नामक सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट की गई थी। वीडियो में दावा किया गया कि विधायक उमेश कुमार के खिलाफ वर्ष 2018 का दुष्कर्म संबंधी मामला उच्च न्यायालय में लंबित है।
तहरीर में कहा गया है कि विधायक के खिलाफ देश के किसी भी न्यायालय में ऐसा कोई मामला विचाराधीन नहीं है। आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर इस तरह की सामग्री प्रसारित कर विधायक की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
विधायक प्रतिनिधि ने मामले को सुनियोजित साजिश बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।



