
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: विकासनगर में पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना सत्यापन काम कर रहीं महिलाओं और संचालिका के खिलाफ शिकंजा कस दिया।
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्पा सेंटर को बंद कराते हुए संचालक, महिलाओं और मकान मालिक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपदभर में होटल, ढाबों, स्पा सेंटरों, अपार्टमेंट, फड़ और फेरी संचालकों के सत्यापन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत शुक्रवार को कोतवाली विकासनगर पुलिस ने बाजार क्षेत्र में संचालित “हॉलीवुड स्पा सेंटर” पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां पांच महिलाएं बिना पुलिस सत्यापन के कार्य करती मिलीं।
पुलिस ने सभी महिलाओं के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। वहीं बिना सत्यापन महिलाओं को स्पा सेंटर में कार्य पर रखने के आरोप में संचालिका का धारा 83 पुलिस एक्ट में चालान कर स्पा सेंटर को तत्काल बंद करा दिया गया।
इतना ही नहीं, जिन महिलाओं को बिना सत्यापन किराये पर रखा गया था, उस भवन स्वामी के खिलाफ भी पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



