
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: देहरादून से दिल्ली जा रही एक यात्री बस में शनिवार को सर्वानंद घाट के सामने अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, हालांकि चालक की सूझबूझ और सतर्कता के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में डीजल लीक होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगते ही चालक ने तत्काल बस को रोका और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया।
चालक और यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों का सामान और लगेज बस के साथ जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलने पर यातायात पुलिस और कोतवाली नगर पुलिस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची। संबंधित विभागों के समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया।
पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू कर सामान्य कर दिया गया। हरिद्वार पुलिस के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
इस बीच एसपी सिटी हरिद्वार अभय सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। समय रहते चालक की समझदारी और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।



