उत्तराखंड

“राज्यस्तर पर चमका बड़ेथी विद्यालय, “हरीश नौटियाल और गोपाल नेगी” को मिला अनमोल शिक्षक रत्न सम्मान..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
चिन्यालीसौड़/उत्तरकाशी। मिशन शिक्षण संवाद उत्तराखण्ड के तत्वावधान में जनपद पौड़ी गढ़वाल में आयोजित 9वीं राज्य स्तरीय शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में उत्तरकाशी के राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बड़ेथी, चिन्यालीसौड़ ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों से विशेष पहचान बनाई। विद्यालय को राज्यस्तर पर प्रतिष्ठित “मेरा विद्यालय–मेरा गौरव” पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि विद्यालय में कार्यरत शिक्षक हरीश नौटियाल व गोपाल सिंह नेगी को “अनमोल शिक्षक रत्न सम्मान-2026” प्रदान किया गया।गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में गोविंद बल्लभ पंत कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, घुड़दौड़ी के निदेशक ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के प्रभावी उपयोग तथा शिक्षण-अधिगम में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्यभर के शिक्षकों एवं विद्यालयों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर आठ शिक्षकों को अनमोल रत्न शिक्षा सम्मान, 29 शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान-2026 तथा शैक्षिक एवं शिक्षणेत्तर गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के आधार पर चार विद्यालयों को “मेरा विद्यालय–मेरा गौरव” पुरस्कार प्रदान किया गया। उत्तरकाशी जनपद के लिए यह आयोजन कई मायनों में गौरवपूर्ण रहा। राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बड़ेथी को राज्यस्तरीय सम्मान मिलने के साथ ही जनपद की शिक्षिका डॉ. सोनम नेगी को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उत्कृष्ट शिक्षा सम्मान से नवाजा गया।मिशन शिक्षण संवाद उत्तराखण्ड की टीम ने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि बड़ेथी विद्यालय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार आधारित शिक्षण, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के माध्यम से राज्यभर में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। टीम ने विद्यालय के समस्त शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। राज्यस्तर पर मिले इन सम्मानों से उत्तरकाशी के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है। शिक्षकों का कहना है कि यह सम्मान पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और इससे बेहतर शिक्षण कार्य के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!