“आईसीएआई हरिद्वार शाखा ने ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस’ पर गौ सेवा, हरित अभियान और शिक्षा सहयोग से जीता दिल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; आर्थिक जगत की रीढ़ माने जाने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने इस बार अपना स्थापना दिवस केवल औपचारिक आयोजनों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी पहल कर यह संदेश दिया कि पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक दायित्व निभाना भी उतना ही जरूरी है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की हरिद्वार शाखा ने सेवा सप्ताह की शुरुआत करते हुए सबसे पहले भगत सिंह चौक के समीप स्थित वीर भगत सिंह गौ सेवा धाम में बीमार, निराश्रित एवं दुर्घटनाग्रस्त गौवंश के लिए दवाइयों, फल, हरे चारे तथा अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया। इस दौरान वर्षों से गौसेवा में जुटे पवन भगवा के योगदान की भी सराहना की गई।
इसके बाद एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज परिसर में भव्य वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ हैं और जब वे सामाजिक व पर्यावरणीय सरोकारों से जुड़ते हैं तो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण भविष्य की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
आईसीएआई हरिद्वार शाखा के अध्यक्ष सीए अंकुर अग्रवाल ने बताया कि सेवा गतिविधियों का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने जानकारी दी कि सीए दिवस के अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा के सहयोग हेतु विशेष पहल शुरू की गई है तथा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इन जनहितकारी अभियानों में सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सीए प्रखर गुप्ता (सचिव), सीए वासु अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), सीए अनिल जैन, सीए अनिल कुमार जैन, सीए विकास बंसल, सीए राकेश तनेजा, सीए चित्रा नाहटा, सीए रोहित खुराना, सीए अंकित वर्मा, सीए अर्पित वर्मा, सीए अमन भारद्वाज, सीए योगेश सचदेवा,
सीए आशुतोष पांडेय, सीए श्याम अरोड़ा, सीए सुमीत अग्रवाल, सीए अंशुल अग्रवाल, सीए सौरभ अग्रवाल, सीए करण ध्यानी सहित बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सीए परिवार के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य संबंधी जनकल्याणकारी कार्यों में भविष्य में भी सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।



