
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक फेसबुक पोस्ट से शहर में हड़कंप मच गया है।
पोस्ट में श्रीमहंत रविंद्र पुरी की हत्या होने या आत्महत्या करने जैसी बात लिखी गई थी। कुछ समय बाद पोस्ट फेसबुक से हटा दी गई, लेकिन उसका स्क्रीनशॉट इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
नवीन शर्मा नामक फेसबुक प्रोफाइल से की गई पोस्ट में दावा किया गया कि अखाड़े की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के बीच निरंजनी अखाड़े के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी की हत्या हो सकती है
या वह महंत नरेंद्र गिरी की तरह आत्महत्या कर सकते हैं। पोस्ट में कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं और आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी का भी उल्लेख किया गया।
पोस्ट हटाए जाने के बावजूद उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शहर में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे संभावित धमकी से जोड़कर भी देख रहे हैं।
वहीं, सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि पोस्ट करने वाला युवक आखिर किन लोगों के संपर्क में है और उसने इतनी गंभीर बातें किस आधार पर सार्वजनिक कीं। यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि उसके पास ऐसी जानकारी कहां से आई।
फिलहाल, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, श्रीमहंत रविंद्र पुरी की ओर से भी इस संबंध में कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है।



