हरिद्वार

“अपराध समीक्षा बैठक में कप्तान नवनीत सिंह ने कसी पुलिस व्यवस्था, सक्रियता बढ़ाने के दिए निर्देश..

कांवड़ यात्रा की सफलता पर 36 पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाई, अब त्योहारी सीजन में अपराधियों पर पैनी नजर रखने का फरमान..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल और सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों की हौसला अफजाई के साथ ही हरिद्वार पुलिस ने अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को लेकर अपनी रणनीति और अधिक सख्त कर दी है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में आयोजित सैनिक सम्मेलन व माह जुलाई की अपराध समीक्षा गोष्ठी में जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया, वहीं कप्तान ने सभी थाना प्रभारियों को अपराधों की रोकथाम, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, रात्रि गश्त और आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में आयोजित सैनिक सम्मेलन की शुरुआत में एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल समापन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विशाल कांवड़ यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराना पूरी पुलिस टीम का सामूहिक प्रयास रहा है और सभी ने मिलकर अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन किया।सम्मेलन में जनपद के विभिन्न थानों, शाखाओं, कार्यालयों और पुलिस लाइन से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे पुलिसकर्मियों से एसएसपी ने सीधे संवाद कर उनकी कुशलक्षेम और पारिवारिक व विभागीय परेशानियों की जानकारी ली। इस दौरान अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।36 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान, 5 महिला कर्मी भी शामिल……
कांवड़ यात्रा और विभिन्न आपराधिक मामलों के सफल अनावरण में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को एसएसपी नवनीत सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। माह जुलाई 2026 के लिए मैन/वूमेन ऑफ द मंथ के रूप में चयनित पुलिसकर्मियों में पांच महिला कर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा कांवड़ मेले के दौरान कांवड़ मेला सेल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने वाले 13 पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।अपराध समीक्षा में कप्तान का सख्त संदेश—सुरक्षा और शांति व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता……
सैनिक सम्मेलन के बाद एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह जुलाई की अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।गोष्ठी के दौरान विगत माह में जनपद में घटित अपराधों, उनके खुलासे, मुख्यालय व जनपद स्तर पर संचालित अभियानों, लंबित विवेचनाओं और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस की प्राथमिकता समाज को सुरक्षित बनाना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को अपनी सक्रियता और जवाबदेही बढ़ानी होगी।लावारिस शवों को हल्के में न लें, बड़े अपराध छिपे होने की संभावना…..
एसएसपी नवनीत सिंह ने थाना प्रभारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि लावारिस शवों के मामलों को किसी भी स्थिति में हल्के में न लिया जाए। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसे मामलों के पीछे गंभीर अपराध छिपे हो सकते हैं और लापरवाही के कारण मृतक को न्याय नहीं मिल पाता। मृतकों की शिनाख्त और अन्य आवश्यक जानकारी जुटाने के लिए सीमावर्ती जनपदों और राज्यों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी पत्राचार व संवाद करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानों में तैनात पुलिस बल को उनकी क्षमता और जिम्मेदारी के अनुरूप अलग-अलग कार्य सौंपने और निश्चित समयावधि में उनके कार्यों का मूल्यांकन करने के निर्देश भी दिए, ताकि पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन में सुधार या कमी का स्पष्ट आकलन किया जा सके।पुरानी विवेचनाओं पर जवाबदेही तय, 15 दिन में मांगी रिपोर्ट…..
अपराध समीक्षा के दौरान वर्ष 2023, 2024 और 2025 की लंबित विवेचनाओं को लेकर भी एसएसपी ने गंभीरता दिखाई। सभी क्षेत्राधिकारियों को इन मामलों की समीक्षा कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत आख्या एसएसपी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट में विवेचनाओं के लंबित रहने के कारणों और उनके निस्तारण में आ रही समस्याओं का स्पष्ट उल्लेख करना होगा। इन मामलों की समीक्षा अगस्त माह की अपराध गोष्ठी में की जाएगी।त्योहारी सीजन से पहले चौकन्नी पुलिस, बाजार और बैंकों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश……
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों में बढ़ने वाली चहल-पहल के साथ लूट, डकैती और अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। ऐसे में बाजारों, बैंकों और अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए।बैंक प्रबंधन और सर्राफा व्यापारियों से संपर्क कर सुरक्षा गार्डों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया।ऑनलाइन शिकायतों को भी गंभीरता से लेने की हिदायत…..
एसएसपी ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से मिलने वाली शिकायतों और समस्याओं को भी पूरी गंभीरता से लिया जाए। कई बार पीड़ित व्यक्ति किसी कारणवश थाने या पुलिस कार्यालय तक नहीं पहुंच पाता और अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कराता है। ऐसे लोगों तक भी समय पर पुलिस सहायता पहुंचाना आवश्यक है।इसके अलावा सभी थानों को रात्रि गश्त के लिए पुलिसकर्मियों को समय से ब्रीफ कर रवाना करने और रात्रि अधिकारियों को गश्त की सक्रियता की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। गंभीर मामलों में चार्जशीट या अंतिम रिपोर्ट न्यायालय भेजने से पहले वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन अध्ययन करने पर भी जोर दिया गया, ताकि न्याय दिलाने की प्रक्रिया में पुलिस की भूमिका पूरी तरह प्रभावी रहे।माह जुलाई 2026 के मैन/वूमेन ऑफ द मंथ के रूप में सम्मानित पुलिसकर्मी…..
कोतवाली नगर: उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल
कोतवाली श्यामपुर: कांस्टेबल संदीप रावत
कोतवाली ज्वालापुर: कांस्टेबल नरेन्द्र राणा, कांस्टेबल रवि चौहान
कोतवाली रानीपुर: कांस्टेबल प्रेम सिंह दानू
कोतवाली सिड़कुल: हेड कांस्टेबल विवेक यादव
कोतवाली गंगनहर: कांस्टेबल राकेश राणा
कोतवाली झबरेड़ा: कांस्टेबल प्रदीप बिष्ट
कोतवाली कलियर: अपर उपनिरीक्षक कुन्दन, कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह
कोतवाली लक्सर: उपनिरीक्षक दीपक चौधरी
सीआईयू रुड़की: कांस्टेबल आशीष शर्मा
यातायात हरिद्वार: उपनिरीक्षक मोहित सिंह रौथाण
सीपीयू हरिद्वार: उपनिरीक्षक नीरज मेहरा
यातायात रुड़की: कांस्टेबल लवकेश मौर्य
अभिसूचना इकाई हरिद्वार: महिला उपनिरीक्षक खुशबू
फायर स्टेशन रुड़की: फायरमैन रविन्द्र कुमार
दूरसंचार: कांस्टेबल अतुल कुमार
पुलिस लाइन हरिद्वार: अपर उपनिरीक्षक विक्रम तोमर
46वीं वाहिनी पीएसी ए दल: कांस्टेबल सुमित राणा
सीएम हेल्पलाइन: महिला कांस्टेबल उर्मिला, महिला कांस्टेबल पुष्पा
वाचक शाखा: महिला कांस्टेबल सुरैयाकांवड़ मेला सेल के सम्मानित पुलिसकर्मी…..
निरीक्षक उमेश कुमार, उपनिरीक्षक पुनित दानोशी, अपर उपनिरीक्षक मुकेश राणा, कांस्टेबल महेन्द्र, कांस्टेबल दीपक डबराल, कांस्टेबल राजेश, कांस्टेबल दीपक दानू, कांस्टेबल पंकज, कांस्टेबल विनय उनियाल, कांस्टेबल कमल, कांस्टेबल सुनील, कांस्टेबल नत्थी और कांस्टेबल कविता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!