अपराधहरिद्वार

“पीडब्ल्यूडी के बाद अब पुलिस टीम से सिपाही से अभद्रता, सिपाही से मारपीट का आरोप..

अर्धकुंभ के मद्देनजर सत्यापन के दौरान हुआ विवाद, मुकदमा दर्ज..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अर्धकुंभ की तैयारियों के बीच निर्माण कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक टीमों के सामने आ रही चुनौतियों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। चार दिन पहले कनखल में अतिक्रमण चिह्नित करने पहुंची पीडब्ल्यूडी की टीम के साथ विवाद और मारपीट का मामला सामने आया था। अब रोशनाबाद में अर्धकुंभ की सुरक्षा के मद्देनजर सत्यापन करने पहुंची विशेष शाखा की पुलिस टीम के साथ अभद्रता और सिपाही से मारपीट का आरोप लगा है। मामले में सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।विशेष शाखा अभिसूचना विभाग की रोशनाबाद इकाई में तैनात आरक्षी मनोज सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 अगस्त को वह आरक्षी मोहम्मद जीशान के साथ अर्धकुंभ की सुरक्षा एवं संवेदनशीलता के दृष्टिगत सत्यापन ड्यूटी पर थे। दोपहर करीब 12:15 बजे दोनों पुलिसकर्मी कोर्ट चौक रोशनाबाद के पास ठेली-रेहड़ी वालों का सत्यापन कर रहे थे।इसी दौरान अंजली पत्नी शिवम मिश्रा, निवासी लखीमपुर खीरी, हाल निवासी रोशनाबाद से सत्यापन कराने के लिए कहा गया। आरोप है कि सत्यापन की बात पर अंजली पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करने लगी। समझाने का प्रयास करने पर उसने आरक्षी मनोज सैनी के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पीछे हटते समय सिपाही का पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर गया।तहरीर के मुताबिक, इसके बाद महिला ने अपने साथी सूरज कुमार निवासी बिहार, समीर निवासी बिजनौर और एक अज्ञात व्यक्ति को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि चारों ने सिपाही के साथ थप्पड़, मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान सरकारी गोपनीय दस्तावेज छीनकर छिन्न-भिन्न करने का भी आरोप लगाया गया है।सिपाही ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों को धमकी दी। साथ ही महिला पर अपने कपड़े फाड़कर पुलिसकर्मियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।चार दिन पहले पीडब्ल्यूडी टीम से भी हुआ था विवाद…..
गौरतलब है कि करीब चार दिन पहले अर्धकुंभ के निर्माण कार्यों के लिए कनखल क्षेत्र में अतिक्रमण चिह्नित करने पहुंची पीडब्ल्यूडी की टीम के साथ इंदिरा बस्ती के लोगों का विवाद हो गया था। आरोप है कि इस दौरान टीम के साथ मारपीट की गई थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के विरोध में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कनखल थाने का घेराव भी किया था। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण विभाग की टीम के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई थी। अब पुलिस टीम के साथ अभद्रता और मारपीट का नया मामला सामने आने से अर्धकुंभ की तैयारियों के बीच सरकारी टीमों के साथ विवाद का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!