
पंच👊नामा-ब्यूरो
उत्तरकाशी: जनपद के पुरोला क्षेत्र के एक गांव से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। गांव की एक 9 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप कक्षा छह में पढ़ने वाले 13 वर्षीय किशोर पर लगा है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को छात्रा की मां पड़ोसी गांव में आयोजित मेले में गई हुई थी, जबकि पिता खेतों में मजदूरी करने गया था। इसी दौरान दोनों बच्चे गांव के मंदिर परिसर में खेल रहे थे। आरोप है कि खेलते समय किशोर छात्रा को मंदिर के पीछे ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई।
शाम को जब छात्रा का पिता काम से घर लौटा तो परिजनों को बच्ची की स्थिति पर संदेह हुआ। पूछताछ में छात्रा ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए उपजिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष दीपक सिंह कठैत ने बताया कि दोनों पक्ष नाबालिग हैं। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी भेजा गया है, जबकि किशोर से पूछताछ की जा रही है। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चिकित्सीय परीक्षण रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



