
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करने वाली सीतापुर उत्तर प्रदेश की एक मुस्लिम युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक पहले से शादीशुदा था और उसने यह बात छुपाई। इसके साथ ही हिंदू धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने भी उसकी सुनवाई नहीं की तब उसे कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी और उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद की रहने वाली युवती ने न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान ग्राम खेड़ी रांगडांग, खतौली मुजफ्फरनगर निवासी विकास कुमार से हुई थी। आरोप है कि विकास ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और भविष्य साथ बिताने के कई वादे किए।
फरवरी 2025 में मुलाकात के बाद विकास उसे रोशनाबाद क्षेत्र में किराये के मकान में अपने साथ रखने लगा। इस दौरान उसने शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। दोनों कुछ समय तक साथ रहे और विकास लगातार शादी करने की बात दोहराता रहा। आरोप है कि बाद में युवती को जानकारी मिली कि विकास पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी से कानूनी रूप से तलाक भी नहीं हुआ है।
इस संबंध में पूछताछ करने पर वह स्पष्ट जवाब देने के बजाय बात को टालता रहा। आरोप है कि विकास के परिवार के सदस्य भी उसे शादी का भरोसा दिलाते रहे। आरोप लगाया कि 13 मार्च की रात विकास अपने भाई विनीत, मां मिथलेश, बहन प्रीती और अन्य परिजनों के साथ उसके कमरे पर पहुंचा।
वहां उससे हिंदू धर्म अपनाने की बात कही गई और कहा गया कि धर्म परिवर्तन करने पर ही विवाह संभव होगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़िता का कहना है कि पुलिस अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
तब पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपित विकास कुमार, विनीत कुमार, सरिता, मिथलेश और प्रीति निवासीगण ग्राम खेड़ी रांगडांग, खतौली मुजफ्फरनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



