“ईद मिलादुन्नबी की खुशियों के बीच इंसानियत का पैगाम, औन फाउंडेशन की ओर से लगाया गया रक्तदान शिविर.. 50 से ज्यादा लोगों ने पेश की खिदमत..

पंच👊नामा
रुड़की; जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर रुड़की में इंसानियत और खिदमत का खूबसूरत पैगाम देखने को मिला। जश्न-ए-खैरुल वरा कार्यक्रम के तहत आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया
और 50 से अधिक यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का संकल्प दोहराया। उमर एनक्लेव, रामपुर रोड पर आयोजित इस शिविर ने यह संदेश दिया कि जश्न की असली खूबसूरती सिर्फ खुशियां बांटने में नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के काम आने में भी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. तनवीर अहमद व डॉ. हीरा तबस्सुम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने औन फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सेवा कार्यों का सिलसिला लगातार जारी रहना चाहिए।
रक्तदान जैसे आयोजन न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होते हैं, बल्कि समाज में इंसानियत, आपसी भाईचारे और एक-दूसरे की मदद करने की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा नेक कार्य है, जिसके जरिए अनजान व्यक्ति की जिंदगी बचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। आज जरूरत है कि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ें और मानव सेवा को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं।
सिटी ब्लड बैंक की रही अहम भूमिका…..
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सिटी ब्लड बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रक्त संग्रह से जुड़ी सभी आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं ब्लड बैंक की ओर से उपलब्ध कराई गईं। संस्था की ओर से राहुल अरोड़ा का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग को सराहा गया।
शिविर में आसिफ अली उर्फ हैदर, गुड्डू साबरी, सोनू साबरी, नईम खान, अमजद उस्मानी, परवेज आलम, बिलाल खान, आरिफ नियाज़ी, साकिब शहज़ाद और शहज़ाद अहमद समेत अनेक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर इस नेक मुहिम में अपनी भागीदारी निभाई।
अनस गाजी की प्रेरणा से जुटे रक्तदाता…..
औन फाउंडेशन के प्रेसिडेंट कुंवर शाहिद ने बताया कि रक्तदान शिविर को सफल बनाने में हर वर्ष अनस गाजी की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इस वर्ष भी उन्होंने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और बड़ी संख्या में लोगों को इस मुहिम से जोड़ने में अहम योगदान दिया।
कुंवर शाहिद ने कहा कि रक्तदान महादान है और रक्त की एक यूनिट भी किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए नई जिंदगी की उम्मीद बन सकती है। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर आयोजित इस शिविर का मकसद केवल रक्त एकत्र करना नहीं, बल्कि समाज में इंसानियत, सेवा और भाईचारे की भावना को और मजबूत करना भी है।
रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह……
शिविर में रक्तदान करने पहुंचे लोगों के उत्साहवर्धन के लिए संस्था की ओर से उपहार भी वितरित किए गए। रक्तदाताओं के लिए मौसमी के ताजे जूस और भोजन की व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, सहयोग और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने औन फाउंडेशन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं और लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। जश्न-ए-खैरुल वरा के इस आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब जश्न इंसानियत की खिदमत से जुड़ जाए, तो उसकी रौनक और उसका संदेश दोनों कहीं ज्यादा व्यापक हो जाते हैं।
औन फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के साथ-साथ समाज में भाईचारे और इंसानियत का यह कारवां लगातार आगे बढ़ता रहे।



