
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कांवड़ मेले की भारी भीड़ को अपनी वारदातों के लिए ढाल बनाने वाले बाइक सवार दो शातिर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। बैरागी कैंप क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए आरोपियों को कनखल पुलिस ने मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल भूदेव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जो पूर्व में हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे मामलों में जेल जा चुका है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चैन स्नैचिंग की वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। लगातार पड़ताल और सुरागों पर काम करते हुए पुलिस टीम ने आखिरकार दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
एसपी सिटी अभय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि बीती 21 अगस्त को कुश शर्मा पुत्र कमल शर्मा निवासी फेस-3 जगजीतपुर, थाना कनखल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 अगस्त को बैरागी कैंप कनखल क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
कनखल इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की बारीकी से जांच करते हुए मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ीं। पुलिस को 23 अगस्त को सफलता मिली, जब मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को जियापोता क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई है। बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूदेव पुत्र राजेश कुमार निवासी गली नंबर-29, नेहरू रोड, कोतवाली बड़ौत, उत्तर प्रदेश व करण पुत्र सतपाल निवासी गली नंबर-8, मोहनपुरी, गोंडा चौक, थाना भजनपुरा, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के पूर्व में भी जेल जाने की जानकारी मिली है और उनके आपराधिक इतिहास से संबंधित विस्तृत डाटा जुटाया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भूदेव के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध थाना ट्रांसपोर्ट नगर मेरठ में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास से संबंधित मुकदमा दर्ज है, जबकि थाना बड़ौत में भी आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, कांस्टेबल उमेद सिंह, सतेन्द्र रावत, भूपेन्द्र सिंह, विशन चौहान और जितेन्द्र राणा शामिल रहे। वहीं, सर्विलांस टीम से निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम ने भी आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



