
पंच👊नामा
रुड़की: भरे बाजार में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाशों पर हरिद्वार पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि महज 24 घंटे के भीतर ही दो आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ आरोपियों को दबोचा बल्कि घटना में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
घटना बीते दिन की है, जब वादी गुलशेर पुत्र जमील निवासी ग्राम बिझौली (मंगलौर) ने कोतवाली रुड़की में तहरीर देकर बताया कि चार व्यक्तियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी देहात शेखर सुयाल के निर्देशन में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रणनीति तैयार की।
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक प्रदीप विष्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सक्रिय मुखबिर तंत्र का जाल बिछाया और कलियर रोड नहर पटरी गुमटी के पास से दो आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाने की मंशा से फायरिंग की थी, जबकि उनके अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी आसिफ पुत्र आजाद (22 वर्ष), मूल निवासी बरला, मुजफ्फरनगर, हाल निवासी तेलीवाला, रुड़की
व साकिब पुत्र रियाजुल (20 वर्ष), निवासी तेलीवाला पाडली गुर्जर, रुड़की के रूप के हुई, जिन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में एसएसआई धर्मेन्द्र राठी, उपनिरीक्षक सुभाष जखमोला, हेडकांस्टेबल वीरेश खत्री, हेडकांस्टेबल नूर अहमद, हेडकांस्टेबल कमल, कांस्टेबल इतेन्द्र ध्यानी, व कांस्टेबल शूरवीर शामिल रहे।



