
पंच👊नामा
रूड़की: हरिद्वार पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” एक बार फिर अपराधियों पर भारी पड़ा। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराध पर शिकंजा कसते
हुए गंगनहर पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। एक ओर जहां फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों को दबोचा गया, वहीं नाबालिग से दुष्कर्म के नामजद आरोपी को भी पुलिस ने धर दबोचा।
एसपी देहात शेखर सुयाल के निर्देशन में गठित टीमों ने दोनों मामलों में तेजी दिखाते हुए घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया, डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में गंगनहर पुलिस ने फायरिंग के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए सौरभ उर्फ बल्ली को पनियाला मुर्गी फार्म तिराहे के पास से एक देसी तमंचा .315 बोर व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल से दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए, जिसके आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराओं में बढ़ोतरी की गई। वहीं दूसरे आरोपी शोएब को रेलवे अंडरपास से दबोचा गया। दोनों आरोपियों ने मिलकर दिलशाद के पुत्र पर जानलेवा हमला कर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
इसी क्रम में पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में भी त्वरित कार्रवाई की। भगवानपुर क्षेत्र की महिला की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपी कार्तिक तोमर को नन्हेड़ा अनन्तपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी ने पूछताछ में किशोरी को बहला-फुसलाकर मुजफ्फरनगर के एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को रास्ते में छोड़कर फरार हो गया था, जिसे अब पुलिस ने पकड़कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
पकड़े गए आरोपी….
1:- सौरभ उर्फ बल्ली (20 वर्ष), निवासी डिफेंस कॉलोनी, रुड़की
2:- शोएब (25 वर्ष), निवासी ढंडेरा, रुड़की
3:- कार्तिक तोमर (19 वर्ष), निवासी नन्हेड़ा अनन्तपुर, भगवानपुर
पुलिस टीम में: प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव, एसएसआई दीप कुमार, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, अपर’ उपनिरीक्षक मनीष कवि, हेडकांस्टेबल अरविन्द भाटी, कांस्टेबल प्रभाकर, कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल महिपाल सिंह (सीआईयू), कांस्टेबल रविन्द्र खत्री (सीआईयू) शामिल रहे।



