“Haridwar: 12 साल के मासूम को निगलने वाले मगरमच्छ को वन विभाग ने पकड़ा, गांव में दहशत के बीच लोगों ने ली राहत की सांस..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बुग्गावाला थाना क्षेत्र के बनजारेवाला गांव में 12 वर्षीय बच्चे को अपना शिकार बनाने वाले मगरमच्छ को आखिरकार वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
जानकारी के मुताबिक, रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा बंजारेवाला स्थित राम रहीम स्टोन क्रेशर के पास मौजूद था। तभी पानी से निकले मगरमच्छ ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबोचकर पानी की ओर घसीट ले गया।
घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए और देखते ही देखते मासूम की जिंदगी खत्म हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार और मातम पसर गया।
सूचना मिलने पर बुग्गावाला पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद किया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत को देखते हुए वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ की तलाश शुरू की।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार मगरमच्छ को जाल की सहायता से पकड़ लिया गया। मगरमच्छ को पकड़ने के दौरान मौके पर भारी भीड़ मौजूद रही और लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।
वन विभाग की टीम मगरमच्छ को पकड़कर अपने साथ ले गई। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।



