
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रात के अंधेरे में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन शातिरों के मंसूबों पर ज्वालापुर पुलिस ने पानी फेर दिया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को धर दबोचते हुए उनके कब्जे से दो अवैध 315 बोर के तमंचे, एक जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की सतर्कता से एक संभावित बड़ी घटना होने से पहले ही टाल दी गई।
जनपद में अपराध पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर लगातार पुलिस अधिकारियों को सतर्कता के साथ अभियान चलाने के निर्देश दे रहे हैं। पुलिस मुख्यालय देहरादून के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच ज्वालापुर पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान तीन शातिरों को हथियारों समेत गिरफ्तार कर बड़ी वारदात की आशंका को समय रहते खत्म कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में ज्वालापुर पुलिस ने मध्य रात्रि को भगत सिंह चौक से पहले नेहरू युवा केंद्र के समीप चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को रोका। तलाशी लेने पर एक आरोपी सुमित पुत्र दिलीप निवासी रामनगर, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
वहीं दूसरे आरोपी सुमित पुत्र रविंद्र निवासी रामनगर, कोतवाली गंगनहर के पास से एक 315 बोर का देशी तमंचा व तीसरे आरोपी ऋषभ पुत्र जगमोहन शर्मा निवासी नंद विहार कॉलोनी, पॉलिटेक्निक हॉस्टल, गंगनहर के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली।
तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी डीसीआरबी, आईसीजेएस और अन्य थानों के माध्यम से जुटाई जा रही है। आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस टीम में प्रभारी चौकी रेल समीप पाण्डेय, कांस्टेबल कर्म सिंह चौहान, कांस्टेबल अंकित कवि और कांस्टेबल दीपक चौहान शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से आरोपियों को दबोचने में सफलता मिली।



