
पंच👊नामा
रुड़की: सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ रुड़की पुलिस ने सख्त तेवर दिखाए हैं।
“ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर जाम छलका रहे 17 पियक्कड़ों को दबोचते हुए उनके खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कुल ₹8,500 का संयोजन शुल्क भी वसूला गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस लगातार सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, शराबखोरी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में रूड़की पुलिस ने कई स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए 17 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की। पुलिस ने सभी लोगों को भविष्य में सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई निरीक्षक धर्मेंद्र राठी, हेडकांस्टेबल दिनेश गुप्ता, हेडकांस्टेबल प्रवीण कुमार, कांस्टेबल गुलबहार, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल प्रदीप भंडारी, कांस्टेबल अनूप व हेडकांस्टेबल वीरेश खत्री शामिल रहे।



