“आठ महीने में छठी प्रेस कॉन्फ्रेंस, सिडकुल पुलिस का फिर बड़ा धमाका, “36 लाख के खोए मोबाइल लौटाकर जीता दिल..
SSP नवनीत सिंह भुल्लर की मॉनिटरिंग में बड़ी कार्रवाई, SP सिटी अभय प्रताप सिंह ने टीम को दी शाबाशी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: एक बार फिर सिडकुल थाना पुलिस ने ऐसा काम किया है, जिसने आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत कर दिया। मोबाइल खोने के बाद मायूस हो चुके लोगों के चेहरे उस वक्त खिल उठे,
जब SSP हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर सिडकुल पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी के तहत 152 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 36 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में SP सिटी अभय प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरी कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हरिद्वार पुलिस लगातार C.E.I.R पोर्टल के माध्यम से खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश कर रही है
और इसी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने देश के अलग-अलग राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर इन मोबाइल फोन की रिकवरी की।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में सिडकुल थाना पुलिस ने इस अभियान को अंजाम दिया। बरामद मोबाइलों में बड़ी संख्या उन कर्मचारियों के फोन की भी है, जो बाहरी राज्यों से आकर सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में काम करते हैं।
इसके अलावा कई स्थानीय निवासियों के मोबाइल भी बरामद किए गए। जिन लोगों ने अपने फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, उनके चेहरे पर मोबाइल वापस मिलते ही खुशी साफ दिखाई दी।
सिडकुल थाना पुलिस का मोबाइल बरामदगी में प्रदर्शन लगातार चर्चा में बना हुआ है। पिछले आठ महीनों में शनिवार को यह छठी प्रेस कॉन्फ्रेंस रही, जिसमें आमजन को उनके खोए हुए मोबाइल फोन लौटाए गए।
इस बार भी मोबाइल रिकवरी में हेड कांस्टेबल विवेक यादव की भूमिका बेहद अहम रही। शानदार कार्य के लिए SP सिटी अभय प्रताप सिंह ने थाना प्रभारी अजय शाह और हेड कांस्टेबल विवेक यादव की सराहना करते हुए शाबाशी दी।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को कोई लावारिस मोबाइल फोन मिलता है तो उसे तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराएं।
साथ ही मोबाइल खोने पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराने की भी सलाह दी गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी अजय शाह, वरिष्ठ उप निरीक्षक विकास रावत व हेड कांस्टेबल विवेक यादव शामिल रहे।



