
पंच👊नामा
बहादराबाद: सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए उत्तराखंड पुलिस ने एक वैज्ञानिक का खोया मोबाइल फोन ढूंढ निकाला। डॉ अनीशा यादव का मोबाइल फोन रास्ते में कहीं गिर गया था, जिसमें उनका महत्वपूर्ण डाटा मौजूद था।
इंस्पेक्टर बहादराबाद अमरजीत सिंह ने बताया कि शनिवार को डॉ अनीशा यादव शांतरशाह चौकी, कोतवाली बहादराबाद पहुंचीं और मोबाइल खोने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि वह पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं और मोबाइल में जरूरी शोध संबंधी डाटा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी इंचार्ज ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही एक टीम का गठन किया गया, जिसमें कांस्टेबल बलवंत सिंह और कांस्टेबल नितुल यादव को शामिल किया गया। दोनों जवानों ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।
कड़ी मेहनत और अथक प्रयास के बाद टीम ने मोबाइल फोन को सकुशल बरामद कर लिया। मोबाइल मिलने पर डॉ अनीशा यादव ने राहत की सांस ली। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की मेहनत से यह संभव हो सका। मोबाइल मिलने के बाद उन्होंने बहादराबाद कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों और समस्त स्टाफ का आभार जताया। साथ ही उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।



