
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; सड़कों और गलियों में बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकालकर लोगों का सुकून छीनने वालों पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। सीनियर सिटीजन दिवस के मौके पर बुजुर्गों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्लेमेंट टाउन पुलिस ने 24 घंटे का विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई में मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 21 रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलों समेत तीन काली थार और स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से तेज आवाज और रैश ड्राइविंग का शौक रखने वालों में हड़कंप मच गया है।
थाना क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में रहने वाले आम नागरिकों, सेवानिवृत्त लोगों और वरिष्ठ नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी विश्वविद्यालयों के छात्र और अन्य युवक अपनी बुलेट मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों और गलियों में तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हैं। इन साइलेंसरों से निकलने वाली पटाखों जैसी तेज आवाज से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी परेशानी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर थानाध्यक्ष क्लेमेंट टाउन मोहन सिंह ने सीनियर सिटीजन दिवस के अवसर पर विशेष अभियान शुरू कराया। पुलिस ने 24 घंटे तक क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए 21 मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों और तीन काली थार/स्कॉर्पियो वाहनों को सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए अधिकांश वाहन निजी विश्वविद्यालयों के छात्रों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को भी पत्र लिखा गया है।
क्लेमेंट टाउन पुलिस ने साफ कर दिया है कि कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। भविष्य में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर उत्पात मचाने वाली बाइकों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।पुलिस का संदेश साफ है—शौक के नाम पर शोर और स्टंटबाजी अब नहीं चलेगी; बुजुर्गों और आम लोगों के सुकून से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।



