
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; नशे के सौदागरों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने शिकंजा कसते हुए ऑपरेशन लगाम के तहत बड़ी कार्रवाई की है। लक्सर कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान दो आरोपितों को कुल 173 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपितों से नशीले कैप्सूलों के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऑपरेशन लगाम के तहत पुलिस टीमों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हुए सघन चेकिंग, सुरागरसी और पतारसी के निर्देश दिए गए हैं।
लक्सर कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 173 अवैध नशीले कैप्सूल बरामद किए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वसीम अहमद उर्फ सीम्मी पुत्र जाहिद हसन निवासी नेन्हदपुर सुठारी,
कोतवाली लक्सर और आरिफ पुत्र फुरकान निवासी मोहल्ला ढाब सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वसीम अहमद उर्फ सीम्मी के कब्जे से Dicyclomine HCl, Tramadol HCl व Acetaminophen Capsules के 101 कैप्सूल, जबकि आरिफ के कब्जे से इसी प्रकार के 72 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपित नशे के आदी हैं और नशीले कैप्सूलों को स्वयं के इस्तेमाल के साथ-साथ अपनी निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए बेचने के उद्देश्य से भी अपने पास रखते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर यह नशीला सामान आरोपितों तक कहां से पहुंच रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। दोनों आरोपितों के खिलाफ कोतवाली लक्सर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम….
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी, हेड कांस्टेबल मनोज मिनान, कांस्टेबल अजीत तोमर, कांस्टेबल किशोर नेगी और कांस्टेबल कपिल देव शामिल रहे।



