Uncategorized

“10 मिनट में दो सगी बहनों की हत्या से मचा हड़कंप, गोलियों की गूंज से दहला रुड़की..

संगीता और पुष्पा बनीं गोलीबारी का शिकार, पुष्पा का पति घायल; हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; रुड़की शहर में मंगलवार को हुई सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 10 से 15 मिनट के अंतराल में दो सगी बहनों को गोली मार दी गई, जिसमें दोनों महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दिनदहाड़े हुई इस दोहरी वारदात से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है और शक की सुई मृतक महिलाओं के भाई की ओर घूम रही है।जानकारी के अनुसार प्रीत विहार निवासी संगीता ई-रिक्शा से सेक्टर रोड के रास्ते कहीं जा रही थी। इसी दौरान एक बदमाश ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। अचानक हुई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।बताया जा रहा है कि पहली वारदात के करीब 10 मिनट बाद ही बदमाश ने दूसरी घटना को अंजाम दिया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी संगीता की बहन पुष्पा और उसके पति पर उनके घर के बाहर गोली चला दी गई। हमले में पुष्पा की मौत हो गई, जबकि उसका पति गोली लगने से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।एक के बाद एक दो बहनों को गोली मारे जाने की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। घटनास्थलों पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस घटनाओं के बीच कड़ी जोड़ते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। दोनों वारदातों में एक ही आरोपी व आपसी पारिवारिक विवाद की भूमिका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।दो बहनों की हत्या ने शहर को झकझोर दिया है। महज कुछ मिनटों के अंतराल में हुई इन वारदातों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं की हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में शक की सुई महिलाओं के भाई की ओर भी इशारा कर रही है, हालांकि पुलिस अभी मामले की गहन जांच में जुटी है और आधिकारिक तौर पर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। वारदात के पीछे की असल वजह और हमलावर की भूमिका को लेकर जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। रुड़की में कुछ ही मिनटों के भीतर दो बहनों की हत्या की इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!